मुंबई। दक्षिण मुंबई के व्यस्त क्रॉफोर्ड बाजार में स्थित लगभग 121 वर्ष पुराने एंग्लो-गोथिक स्टाइल से बनायी गयी ऐतिहासिक इमारत (पुलिस मुख्यालय) का पहली बार नवीनीकरण किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस इमारत को लोग पुलिस आयुक्त कार्यालय के नाम से जानते हैं। इसका नक्शा वास्तुविद् और अभियंता जॉन एडम्स ने तैयार किया था। इसका निर्माण कार्य 17 नवंबर 1894 को शुरू हुआ था और इसका उद्घाटन 24 दिसंबर 1896 को हुआ था।
इस इमारत के नवीनीकरण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है और इस काम में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि नवीनीकरण के बाद इमारत के निचले तल में आपराधिक घटनाओं से संबंधित पुलिस संग्रहालय बनाया जाएगा। इस संग्रहालय से सटा एक बड़ा पुस्तकालय भी बनाया जाएगा।
पहली मंजिल पर 50 लोगों की क्षमता वाला बैठक कक्ष, एक आराम कक्ष और प्रतीक्षा कक्ष बनाने की योजना है।
पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के कार्यालयों का भी नवीनीकरण किया जाएगा। अन्य
मंजिलों पर होने वाले बदलाव की जानकारी नहीं दी गयी।
उन्होंने कहा कि आतंरिक काम अगले तीन महीने में पूरा होने की उम्मीद है जबकि बाहरी काम में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है। पुरानी इमारत होने के कारण इसकी मरम्मत की आवश्यकता है। इस इमारत को बनाने में लगभग दो वर्ष लगे थे और वर्तमान में इस इमारत के नवीनीकरण के लिए कम से कम एक वर्ष लगेगा।