नयी दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी(आप)सरकार ने छठ पर्व पर 26 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। विकास मंत्री गोपाल राय ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर को दिल्ली सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। कि इस वर्ष छठ पर्व पर दिल्ली में 565 स्थानों पर पूजा के इंतजाम किये गये हैं जबकि पिछले वर्ष 268 जगहों पर ही इसके लिए व्यवस्था की गयी थी। उन्होंने कहा कि चार दिवसीय इस त्योहार के लिए दिल्ली सरकार सभी जरूरी इंतजाम करेगी। उन्होंने कहा कि 26 और 27 अक्टूबर को छठ पूजा के समय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कैबिनेट के सभी मंत्री घाट पर रहेंगे। ‘आप’ के सभी विधायक,सभी एसडीएम और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी कल से विशेष ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। वे सभी घाटों पर जाकर छठ पूजा से संबंधित तैयारियों का जायजा लेंगे। श्री राय ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सभी नगर निगमों से मिलकर छठ पूजा के लिए घाटों की सफाई के साथ-साथ अन्य तैयारियां की है। वह स्वयं सोमवार को वजीराबाद के श्याम घाट गये थे और तैयारियों का जायजा लिया था।