फरीदाबाद। फरीदाबाद और गुरुग्राम में एक दिसंबर से डोर टू डोर कूड़े का कलेक्शन शुरू हो जाएगा। खास बात यह है कि घरों से कूड़ा ई रिक्शा और मिनी टिप्पर (छोटी गाडिय़ों) से उठाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के सहयोग से काम कर रही इको ग्रीन एनर्जी कंपनी दोनों शहरों के लिए ई-रिक्शा और मिनी टिप्पर गाडिय़ां खरीदेंगी। फिलहाल फरीदाबाद और गुरुग्राम शहरों में डोर टू डोर कलेक्शन की शुरुआत के लिए क्षेत्रों की सूची तैयार की जा रही है। पहले चरण में कुछ इलाकों से डोर टू डोर कलेक्शन की शुरुआत की जाएगी और उसके बाद दोनों शहरों के सभी क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। ई रिक्शा के जरिये घरों से कूड़ा उठाने से प्रदूषण में कमी आएगी, साथ ही काम भी तेजी से होगा। ई रिक्शा और मिनी टिप्पर दोनों तरह की गाडिय़ों में गीले व सूखे कचरे के लिए अलग-अलग बड़े डस्टबिन लगे होंगे। पहले चरण में घरों से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने की योजना है। अगर सभी घरों से कचरे का सेग्रीगेशन यानी अलग-अलग छंटाई नहीं होने पर पूरे कूड़े को बंधवाड़ी में नए लग रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग किया जाएगा। बता दें कि इकोग्रीन एनर्जी प्राईवेट लिमिटेड के साथ प्रदेश सरकार एक एमओयू भी साइन कर चुकी है। इस प्राजेक्ट पर 330 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। नगर निगम की ओर से कंपनी को घरों से कूड़ा उठाने का शुल्क वसूलने की रेट लिस्ट निर्धारित कर दी जाएगी। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यह शुल्क बहुत ही कम होगा। फिलहाल फरीदाबाद और गुरुग्राम में सभी घरों से कूड़ा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण जगह-जगह गंदगी के ढ़ेर लगे हुए हैं। कुछ सेक्टरों के हिस्से और पॉश सोसायटियों में प्राइवेट ठेकेदारों के जरिए शुल्क देकर कूड़ा उठवाया जा रहा है। इको ग्रीन एनर्जी हर घर से कचरा कलेक्शन कर बंधवाड़ी प्लांट में बिजली बनाएगी। ईको ग्रीन एनर्जी फरीदाबाद और गुरुग्राम से कूड़ा कलेक्शन के लिए 700 से ज्यादा व्हीकल खरीदेगी, जिसमें ई रिक्शा और मिनी टिप्पर दोनों शामिल हैं। रोजाना दोनों शहरों से करीब 1200 मीट्रिक टन कचरा घरों से निकल रहा है। फिलहाल इस कचरे के निपटान का कोई इंतजाम नहीं है। 2013 से बंधवाड़ी स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट खराब होने के कारण कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नए प्लांट के लगने के बाद राहत मिलेगी। निगम अधिकारी ने बताया कि 1 दिसंबर से फरीदाबाद और गुरुग्राम में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन शुरू हो जाएगा। इसके लिए 700 से ज्यादा व्हीकल खरीदे जाएंगे, जिसमें ई रिक्शा भी शामिल है।