ऑकलैंड। भारतीय मूल की परमजीत परमार को न्यूजीलैंड की संसद में दूसरी बार चुना गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भारतीय सिख चुनाव में जीत हासिल कर पार्लियामेंट पहुंचे हैं। हाल ही में खत्म हुए न्यूजीलैंड संसदीय चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है।
परमजीत की सफलता पर उनके परिवार में लोग खुश हैं। उनकी बहन रजनी वर्मा ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का पल है। मैं अपनी बहन और भारतीय समुदाय को बधाई देती हूं। रजनी ने परमजीत की पार्टी को भी शुभकामनाएं दी।
भारतीय मूल की डॉ परमजीत परमार के अलावा कुलवंत सिंह भी न्यूजीलैंड संसदीय चुनाव में जीत दर्ज कर पार्लियामेंट पहुंचे हैं। दोनों न्यूजीलैंड की नेशनल पार्टी के सदस्य हैं। परमजीत दूसरी बार और कुलवंत सिंह चौथी बार न्यूजीलैंड पार्लियामेंट के लिए चुने गए हैं।
ऑकलैंड में रहने वाली डॉ परमजीत कौर 1995 में भारत से न्यूजीलैंड आई थी। परमजीत ने ऑकलैंड यूनिवर्सिटी से बायोलॉजीकल साइंस में पीएचडी की है, वहीं पुणे से बायोकेमिस्ट्री में मास्टर डिग्री हासिल की है।
तो वहीं दिल्ली के रहने वाले कुलवंत सिंह पहली बार 2008 में चुनकर न्यूजीलैंड की संसद में पहुंचे थे। दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ चुके कुलवंत सिंह 2001 में अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए थे।