ढाका। 10 वें एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में सुपर फोर के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया। भारत की तरफ से सतबीर सिंह, हरमनप्रीत, ललित उपाध्याय और गुरजंत सिंह ने गोल किया। इस जीत के साथ ही भारत ने एशिया कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
खेल के पहले क्वार्टर ने दोनों ही टीमों को कई मौके मिले लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही। पहले क्वार्टर में पाकिस्तान ने काफी आक्रामक खेल दिखाया।
दूसरे हाफ में भी पाकिस्तान ने आक्रामक खेल की अपनी रणनीति जारी रखी लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के आगे उनकी एक नहीं चली। हालांकि दूसरे क्वार्टर तक भारत को कई पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल करने में सफल नहीं रहे।
तीसरे क्वार्टर के 39वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल सतबीर सिंह ने किया और टीम को बढ़त दिला दी। इस क्वार्टर का खेल खत्म होने तक भारत ने पाकिस्तान पर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। अंतिम क्वार्टर का खेल काफी रोमांचक रहा और भारतीय टीम ने आक्रमक खेल दिखाया।
खेल के 51वें मिनट में हरमनप्रीत ने भारत के लिए दूसरा गोल कर दिया। इसके तुरंत बाद 53वें मिनट में ललित ने तीसरा गोल किया और टीम की बढ़त 3-0 हो गई। शानदार खेल दिखाते हुए गुरजंत सिंह ने 57वें मिनट में टीम के लिए चौथा गोल कर दिया।
इससे पहले सुपर फोर के पहले मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 6-2 से हराया था। उसके बाद दूसरे मुकाबले में कोरिया के साथ मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा था। पाकिस्तान के साथ इस टूर्नामेंट में ये भारत का दूसरा मुकाबला था। इससे पहले पुल मैच में भारत ने पाकिस्तान पर 3-1 से जीत दर्ज की थी।