चंडीगढ़. गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए बाईपोल का नतीजा रविवार को आएगा। इसके लिए काउंटिंग जारी है। ये सीट विनोद खन्ना के निधन (27 अप्रैल) के बाद खाली हुई थी। फिलहाल 11 कैंडिडेट्स मैदान में हैं लेकिन सीधा मुकाबला बीजेपी के स्वर्ण सलारिया और कांग्रेस के सुनील जाखड़ के बीच है। आप की तरफ से मेजर जनरल सुरेश कुमार खजूरिया मैदान में हैं। जाखड़ 94 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी दूसरे और आप तीसरे नंबर पर है।
चंडीगढ़। पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है और दोपहर 2 बजे तक नतीजे आने की उम्मीद है। कई राउंड की मतगणना के बाद मिल रहे रुझानों में कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील जाखड़ काफी आगे चल रहे हैं।
वह अपनी बढ़त को लगातार मजबूत बना रहे हैं। जाखड़ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार स्वर्ण सलारिया से करीब 45815 मतों से आगे हैं। संसदीय हलके के फ़िलहाल सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस आगे है। किसी भी विधानसभा हलके में भाजपा की बढ़त नहीं है। कांग्रेस लोकसभा सीट के अधिकतर विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है।
प्रारंभिक मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के स्वर्ण सलरिया से आगे चल रहे हैं। सुनील जाखड़ गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से करीब 7000 मतों से आगे रहे। पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में सुनील जाखड़ तीन राउंड के बाद 8039 वोट आगे हैं। पहले राउंड में भाजपा को 2662 और कांग्रेस को 3992 वोट मिले। दूसरे राउंड में भी कांग्रेस आगे रही। इस राउंड में भाजपा काे 2424 और कांग्रेस को 3051 मत मिले हैं। भोआ विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस आगे है। यहां पहले राउंड में भाजपा को 3559 आैर कांग्रेस 4276 मिले। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया काफी पीछे चल रहे हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आगे चल रहे हैं। वह सुजानपुर में 1627 वोटों से आगे हैं। यहां से भाजपा को 5088 आैर कांग्रेस को 6715 वोट मिले हैं। गुरदासपुर में पहले राउंड में सुनील जाखड़ 808 मतों और दूसरे राउंड में 908 मतों से आगे रहे।
पठानकाेट विधानसभा क्षेत्र में तीसरे राउंड की मतगणना में भी कांग्रेस उम्मीदवार को बढ़त मिली है। यहां तीसरे राउंड में भाजपा को 2865 और कांग्रेस को 4037 मत मिले हैं। आप उम्मीदवार को महज 150 वोट मिले हैं। पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में चौथे राउंड में भी जाखड़ को 4480 मतों से बढ़त मिली है। भोआ विस क्षेत्र में दूसरे राउंड में कांग्रेस 1511 से आगे रही।
भोआ में चौथे राउंड तक कांग्रेस तीन हजार मतों से आगे है। प्रताप सिंह बाजवा के हलके में भी कांग्रेस आगे है। दीनानगर विधानसभा क्षेत्र में तीसरे राउंड में कांग्रेस 970 मतों से आगे है। फतेहगढ़ चूड़ियां में कांग्रेस 4108 मतों से आगे है। डेरा बाबा नानक में कांग्रेस 14410 मतों से आगे है। कादियां में कांग्रेस उम्मीदवार 7115 से आगे हैं।
गुरदासपुर लोकसभा सीट दिवंगत नेता और भाजपा सांसद विनोद खन्ना के निधन की वजह से खाली हुई थी। कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को मैदान में उतारा है तो भाजपा ने कारोबारी स्वर्ण सलारिया और आम आदमी पार्टी ने मेजर जनरल सुरेश खजारिया पर दांव खेला है।
11 अक्तूबर को हुए इस उप-चुनाव को पंजाब की छह महीने पुरानी कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वी के सिंह ने शनिवार को बताया कि दो मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
गुरदासपुर संसदीय सीट के तहत नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें भोआ, पठानकोट, गुरदासपुर, दीनानगर, कादियान, फतेहगढ़ चूरियां, डेरा बाबा नानक, सुजानपुर और बटाला शामिल हैं। सिंह ने कहा कि छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए गुरदासपुर के सुखजिंदरा कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं जबकि पठानकोट जिले के शेष तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए पठानकोट के एसडी कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
चुनाव आयोग ने गुरदासपुर में शराब की बिक्री और आपूर्ति पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। आयोग के निर्देश के मुताबिक, यहां शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। कोई होटल, रेस्तरां, शराब की दुकान या खाने-पीने की जगह पर आज शराब बेचने की इजाजत नहीं रहेगी, भले ही उनके पास लाइसेंस हो।
11 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 56 फीसद मतदान हुआ जो 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले काफी कम है। 2014 में इस सीट पर 70.03 फीसद मतदान हुआ था।